ग्रामीण चौकीदार एसोसिएशन की जिलास्तरीय बैठक शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान पंकज शोभापुर ने की। जबकि इसका संचालन मलखान अटेली व वेद प्रकाश कोथल ने किया। बैठक के बाद ग्रामीणों चौकीदारों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन कर एक ज्ञापन सीटीएम मंजीत सिंह को सौंपा। इस मौके पर जिला प्रधान पंकज ने कहा कि ग्रामीण चौकीदार बहुत ही कम 11 हजार रुपये मानदेय पर काम कर रहे हैं। जिससे इतनी महंगाई के अंदर उनके परिवार का गुजारा भी नहीं होता है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि ग्रामीण चौकीदारों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए व न्यूनतम वेतन 26000 हजार रुपये दिए जाएं। ग्रामीण चौकीदार को पंचायत विभाग से तब्दील करके गृह विभाग से जोड़ा जाए। ग्रामीण चौकीदारों को सेवानिवृति पर एक मुश्त 10 लाख रुपये राशि दी जाए, ग्रामीण चौकीदार के ईएसआई कार्ड से मेडिकल लाभ दिया जाए तथा ग्रामीण चौकीदार की ड्यूटी पर मृत्यु होने पर उसके परिवार को 10 लाख रुपये की राशि दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो हमें मजबूरन संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस मौके पर कनीना खंड प्रधान सुरेंद्र, खंड महेंद्रगढ़ वेद प्रकाश, सिहमा से बीरसिंह, अटेली खंड से राजेंद्र चंदपुरा, मनोज तोबड़ा, महेंद्र सिंह मकसूसपुर, मनोज बलाहा कला, जगमाल व मलखान आदि सहित काफी संख्या में ग्रामीण चौकीदार मौजूद रहे।