नांगल चौधरी के बायल पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को अवैध खनन माफिया के दुस्साहस का मामला सामने आया। अवैध खनन की जांच करने पहुंची वन विभाग की टीम को देखकर खनन में लगे लोगों ने कथित तौर पर फॉरेस्ट गार्ड की मोटरसाइकिल पर जेसीबी चढ़ा दी। जेसीबी के नीचे बाइक पूरी तरह दब गई। गनीमत रही कि फॉरेस्ट गार्ड समय रहते वहां से हट गया और बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। वन राजिक अधिकारी रजनीश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी। घटना ने वन विभाग की टीम की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि बायल पहाड़ी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर इससे पहले भी खनन माफिया हमला कर चुके हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद अवैध खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। वन विभाग की टीम पर जेसीबी चढ़ाकर बाइक को कुचलने की घटना को लेकर क्षेत्र में भी रोष है। वन राजिक अधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि उन्हें वन विभाग की टीम पर हमला करने की सूचना मिली थी जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। इस दौरान जेसीबी के नीचे फॉरेस्ट गार्ड की बाइक दबी हुई थी।