महेंद्रगढ़ के बालाजी चौक के पास शंकर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपने ही मकान में आग लगा दी। आग लगने से मकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना के बाद मौके पर दमकल की दो गाड़ियां, एंबुलेंस व पुलिस डायल 112 की टीमें मौके पर पहुंच गई। आग लगने के बाद दकमल कर्मचारियों ने सबसे पहले मकान में रखे पांच गैस सिलिंडरों को बाहर निकाला। शराब के नशे में व्यक्ति ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया तथा आसपास आग बुझाने का प्रयास करने के लिए जुटे लोगों के साथ भी अभद्रता की। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को काबू कर थाने पहुंचाया। शहर की शंकर कॉलोनी निवासी जयनारायण ने वीरवार दोपहर बाद अपने ही मकान में आग लगा दी। नशे की हालत में घर को आग के हवाले करने के बाद वह लगातार हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि मकान के अंदर पांच एलपीजी गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनसे किसी भी समय बड़ा विस्फोट हो सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दूसरी दमकल गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। एक घंटे की मशक्त से पाया आग पर काबू, बड़ी अनहोनी टली: दमकलकर्मी प्रदीप ने बताया कि हमें 2:10 बजे पर डायल 112 से सूचना मिली कि बालाजी चौक के नजदीक शंकर कॉलोनी स्थित एक मकान में आग लगी है। सूचना मिलते ही प्रभारी संजय के नेतृत्व में पूरी टीम एक गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची। आग ज्यादा फैल चुकी थी और अंदर पांच सिलेंडर रखे हुए थे, जिनको सबसे पहले रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद दूसरी गाड़ी को बुलाकर मिलकर आग पर काबू पाया गया। प्रदीप ने बताया कि आग पर काबू पाने में टीम को करीब एक घंटे से ज्यादा समय लगा गया। इस दौरान मकान का लगभग सारा सामान, बेड, रसोई का सामान, कपड़े और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गया। दरवाजे, खिड़कियां और शीशे भी टूट गए। हालांकि आसपास के मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया। फायर टीम ने बताया कि आग लगने के दौरान मकान में एक महिला भी मौजूद थी, जिसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। वहीं शराबी व्यक्ति जयनारायण आग बुझाने के दौरान भी हंगामा करता रहा, जिसे डायल 112 की टीम ने काबू कर शहर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।