हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शनिवार को अटेली विधानसभा क्षेत्र के खेड़ी व नावदी गांवों के दौरा कार्यक्रम के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में चिकित्सकों की कमी को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार चिकित्सकों की भर्ती पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है। इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से लगातार भर्ती प्रक्रिया जारी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार चिकित्सकों की नई भर्तियां कर रहा है ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और जल्द हो ताकि योग्य चिकित्सक जल्द से जल्द अपनी सेवाएं देना शुरू कर सकें।