निजामपुर रोड स्थित सैनी धर्म कांटा के पास बुधवार सुबह नहर टूटने से आसपास के खेत जलमग्न हो गए। इस घटना से किसानों की सरसों की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। घटना सुबह 8 बजे की है, जब नहर का तेज बहाव खेतों में घुस गया। इस दौरान कुछ किसानों की कटाई के लिए तैयार सरसों की फसल बह गई, जबकि कुछ खड़ी फसल पानी में डूब गई। किसान भूराराम ने बताया कि उनकी 18 से 20 मण सरसों खराब हो गई। नहर टूटने से आसपास की भूप कॉलोनी और खाली पड़े प्लॉटों में भी जलभराव हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग ने मौके पर पहुंचकर नहर की मरम्मत शुरू कर दी। गौरतलब है कि मंगलवार को लंबे समय बाद नहर में पानी छोड़ा गया था, लेकिन अगले ही दिन इसका टूटना किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया। इससे पहले नांगल चौधरी क्षेत्र में भी नहर कई बार टूट चुकी है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।