नांगल चौधरी बाजार में अतिक्रमण होने की बार-बार मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए मंगलवार को एसडीएम मनोज कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों के सामान को जब्त भी किया गया। साथ ही कुछ दुकानदारों के चालान भी काटे गए। अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को देखते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सभी अपना-अपना सामान हटाने में जुट गए व रेहड़ी वाले जैसे गायब ही हो गए। इस दौरान टीम ने कोटपुतली रोड, नारनौल रोड व निजामपुर रोड से अतिक्रमण हटवाया। जिसके चलते बाजार बिल्कुल अतिक्रमण मुक्त नजर आया। एसडीएम मनोज कुमार ने दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों को दोबारा से अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी है। साथ ही कहा कि अगर कोई भी दुकानदार अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि नांगल चौधरी में निजामपुर रोड, कोटपुतली रोड सबसे व्यस्त बाजार हैं। जहां रोजाना सैकड़ों लोग खरीददारी के लिए आते हैं। सड़क पर अतिक्रमण के चलते हर समय जाम जैसे हालात बने रहते हैं। इसको लेकर नपा ने कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया है। लेकिन नपा टीम के जाते ही हालात फिर से ज्यों के त्यों हो जाते हैं। इस मौके पर नपा सचिव सौरभ जैन, थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार, जेई सुनील कुमार, योगेंद्र, राहुल चौधरी, राहुल यादव, रूपेश यादव व उमेश कुमार आदि नपा कर्मचारी मौजूद रहे। बाजार में दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण करने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिसके चलते मंगलवार को एसडीएम मनोज कुमार के नेतृत्व में शहर के बाजारों में अतिक्रमण को हटवाया गया हैं। वहीं कई दुकानदारों का रोड पर रखा सामान भी जब्त किया गया। साथ ही टीम ने चालान भी किया है। -सौरभ जैन, सचिव नगर पालिका।