सदर थाना क्षेत्र के गांव सुरानी में चोरी की वारदात में पुलिस ने ढाणी बाठोठा के दीवान सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख के सोने व चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी एक नाबालिग युवक को चोरी करने के लिए भेजता था। उसे चोरी के बदले में पैसों और नशे का लालच देता था। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि 21 फरवरी को गांव सुरानी निवासी किरोड़ीमल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सुबह से दोपहर के बीच, जब वह उसके घर पर ताला लगाकर बाहर गए हुए थे, तब अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर भारी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सक्रियता से सुराग जुटाए और ढाणी बाठोठा निवासी आरोपी दीवान सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस की सघन पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। इस मामले की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दीवान नाबालिग को चोरी करने के लिए भेजता था और चोरी के बदले में उसे पैसों और नशे का लालच देता था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी से चार सोने के कडे़, एक मंगलसूत्र टिक्का बड़ा, एक मंगलसूत्र टिक्का छोटा, एक कंठी सोना बिना चेन, एक झुमकी चेन सहित, एक झुमकी बिना चेन, एक जोड़ी टोपस सोना, एक जोड़ी कान का टोपस सोना, तीन चेन सोना, एक अंगूठी सोना जैन्ट्स, तीन अंगूठी सोना लेडिज, एक अंगूठी चांदी जैन्ट्स, 5 लौंग नाक की सोना, 8 सिक्के चांदी को बरामद किए हैं।