नारनौल क्षेत्र के एक गांव में फिल्मी अंदाज में शनिवार शाम को एक युवती का अपहरण कर गाड़ी सवार युवक भाग गए। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर झज्जर से युवती को बरामद कर लिया। बताया जा रहा है जब युवती का अपहरण परिजनों के सामने ही किया गया था। इस मामले में पुलिस ने मात्र सात घंटे में गुत्थी को सुलझाया और चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को एक गांव से एक युवती का अपहरण टाटा पंच गाड़ी में सवार युवकों ने परिजनों के सामने कर लिया। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर लगभग सात घंटे के भीतर युवती को झज्जर से बरामद कर लिया। इस मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो आरोपी युवती के ही गांव के रहने वाले तथा सगे भाई हैं। जिनको लड़की पहले से ही जानती थी, जबकि बाकी दो अन्य मोहनपुर गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई टाटा पंच गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मात्र सात घंटे में लड़की को सुरक्षित बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जो पुलिस की बड़ी सफलता है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।