उपमंडल के गांव नांगलकाठा में बाबा निहलाईनाथ की पुण्य स्मृति में फागुन नवमी को मेले का धूमधाम से आयोजन किया गया। इससे पूर्व रात्रि को जागरण आयोजित किया गया। जिसमें सुरेंद्र एंड पार्टी गोद बलाहा ने रातभर भजनों से बाबा का गुणगान किया। उन्होंने भजनों की शुरूआत गणेश वंदना से की और गजानंद महाराज पधारो कीर्तन की तैयारी नामक सुंदर भजन सुनाया। इसके बाद बाबा निहलाईनाथ से झोली भरवा ले भजन सुनाया, जिस पर श्रोतागण झूमने लगे। बाबा निहलाईनाथ के मंदिर में खीर, जलेबी प्रसाद के रूप में भंडारा तैयार किया गया। प्रात: पूजा-अर्चना करने उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। ग्रामीण श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से इस भव्य आयोजन को सफल बनाया और इसमें सभी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। महंत चरणाईनाथ महाराज ने बताया कि नांगलकाठा में फागुन नवमी को हर वर्ष बाबा निहलाईनाथ की याद में जागरण एवं मेले का आयोजन होता है।