महेंद्रगढ़ जिले के लिए जीवन रेखा कही जाने वाली जेएलएन नहर में बुधवार रात को पहुंचा करीब 750 क्यूसेक पानी राहत लेकर आया है। नहर एवं सिंचाई विभाग की ओर से जलघरों से जुड़ी छोटी नहरों में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। जन स्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अधिकारी जीयाराम ने बताया कि गांव देवास स्थित जल परियोजना के 24 करोड़ लीटर पानी की क्षमता के टैंकों को भरना शुरू कर दिया है। प्रथम चरण में टैंक नंबर एक व दो में पानी भरा जा रहा है। चारों टैंकों को भरने के बाद शहर में नियमित आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। हालांकि अभी शहरी आबादी को नियमित पेयजल आपूर्ति के लिए तीन दिन का इंतजार करना पड़ेगा। बता दें कि जिले की 65 छोटी बड़ी नहरों के माध्यम से 37 बड़े जलघर एवं 427 ग्रामीण क्षेत्र जोहड़ जुड़े हुए हैं। प्रथम चरण में जलघरों को भरने के बाद जोहड़ों में पानी पहुंचाया जाएगा। इस बार मानसूनी सीजन में जिले की नहरों को मिलने वाले अतिरिक्त पानी का उपयोग भूजल स्तर रिचार्ज करने वाली परियोजनाओं में छोड़ा जाएगा जिससे भूजल स्तर में सुधार की उम्मीद जगी है।