करनाल जिले के गांव सगा के निवासी विक्रम प्रधान पिपलिया अनाज मंडी में आयोजित अहिल्याबाई होलकर जयंती समारोह में बकरी का बच्चा और चारा लेकर पहुंचे। उनका उद्देश्य था कि मुख्यमंत्री नायब सैनी बकरी के बच्चे को चारा खिलाकर समाज में बकरी पालन को बढ़ावा देने का संदेश दें। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें स्टेज के पास जाने से रोक दिया, जिसके बाद विक्रम ने खूब रोष जताया। विक्रम ने बताया कि वह पाल समाज से हैं, जहां बकरी पालन उनका पारंपरिक पेशा रहा है। उन्होंने कहा, "हमारे पूर्वज यह काम करते आए हैं, लेकिन आज की युवा पीढ़ी इससे दूर हो रही है। मैं चाहता था कि मुख्यमंत्री बकरी के बच्चे को चारा खिलाकर समाज को प्रेरित करें, ताकि बकरी पालन को बढ़ावा मिले।" उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने न केवल उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोका, बल्कि धक्के मारकर बाहर भी निकाल दिया।