पंजाबी धर्मशाला में 13 जनवरी से शुरू की गई कार्यशाला में उत्तराखंड व हरियाणा के जिलाध्यक्षों को आर्थिक, सामाजिक, कृषि, रोजगार, ग्रामीण विकास सहित अलग-अलग विषयों पर पारंगत किया जा रहा है। इसका जिलाध्यक्षों के साथ-साथ हर पार्टी संगठन से लेकर हर कार्यकर्ता व आम जन को भविष्य में फायदा मिलेगा। इन जिलाध्यक्षों को पार्टी के वरिष्ठ व राष्ट्रीय स्तर के नेता बेहद गहनता से अहम जानकारियां दे रहे हैं। अभी तक प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद, उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा के अलावा के राजू, राजेंद्र पाल गौतम जैसे अनेक बड़े नेता इन जिलाध्यक्षों से चर्चा कर चुके हैं तो वहीं 21 जनवरी को राहुल गांधी के पहुंचने की भी पूरी उम्मीद है। कार्यशाला स्थल पर पहुंचे वरिष्ठ नेता एवं थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने पत्रकारों से चर्चा में यह जानकारी देते हुए कहा कि रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पहुंचेंगे। यह कार्यशाला 22 जनवरी तक चलेगी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में शामिल दोनों प्रदेशों के जिलाध्यक्षों ने चारों विधानसभाओं के 12 गांवों में जाकर धरातल को समझा है। उन्होंने जाना है कि गांवों की आज क्या हालात है, किस तरह के विकास हुए हैं और आगे क्या जरूरत है। इस धरातल की रिपोर्ट पर पार्टी के बड़े नेताओं के साथ चर्चा की गई है।