कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आगाज सोमवार को हो गया है। सात मार्च तक होने वाली चैंपियनशिप में देश भर के करीब 1600 खिलाड़ी अपने-अपने पंच का दम दिखाएंगे। चैंपियनशिप 10 भार वर्गों में होगी। इनमें 50, 55, 60, 65, 70, 75, 80, 85, 90 और 90 प्लस किलोग्राम वर्ग शामिल हैं। चैंपियनशिप का उद्घाटन कुलपति प्रो सोमनाथ सचदेवा ने किया। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी रविवार को ही यहां पहुंच गए थे। बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार राजौंद ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए विशेष रूप से भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। चैंपियनशिप के सुचारू संचालन के लिए बॉक्सिंग फेडरेशन से 50 आधिकारिक रेफरी और जज बुलाए गए हैं, जो पूरे आयोजन की देखरेख करेंगे। इसके अतिरिक्त एक पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया है, जो प्रतियोगिता की हर गतिविधि पर नजर रखेगा।