कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में चल रहे आठवें हरियाणा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेता अवतार गिल की मौजूदगी ने कार्यक्रम में खास रंग भर दिया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने हरियाणवी गीत पर डांस कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दौरान हरियाणवी परिधान में सजी राजरानी और उनकी टीम भी उनके साथ मंच पर शामिल रही। सभी ने मिलकर लोक संस्कृति की झलक पेश की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान अवतार गिल ने अपने जीवन से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी साझा किए। उन्होंने अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए पुरानी तस्वीरों के माध्यम से अपने अनुभवों के बारे में बताया। अवतार गिल ने हरियाणा की संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि यहां की लोक परंपराएं और पहनावा बेहद समृद्ध और आकर्षक हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी बताया। उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।