पिपली-थर्ड गेट रोड पर पुराना बस अड्डा के समीप पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार दोपहर को उस समय बड़ा हादसा बच गया जब चलती कार में अचानक ही आग लग गई। कार सवार लोगों ने कूद कर जान बचाई। फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया। गांव बीड़ अमीन के रहने वाले बुजुर्ग लखविंद्र सिंह अपने परिवार की चार महिलाओं को साथ लेकर बाजार में पहुंचे थे, जहां खरीददारी के बाद वे वापस लौटने लगे। दोपहर के समय जब वे पुराना बस अड्डा के समीप स्थित पेट्रोल पंप के समक्ष पहुंचे तो अचानक ही कार के इंजन से धुआं उठने लगा तो कार के अंदर भी फैल गया। लखविंद्र सिंह ने आनन-फानन में कार को साइड में लगाया तो सभी लोग बाहर निकल दूर खड़े हो गए। पेट्रोल पंप पर किसी कार्य के चलते खड़े फायर ब्रिगेड कर्मी संदीप दीक्षित ने पेट्रोल पंप से फायर टेंडर लेकर आग बुझाने का प्रयास किया तो वहीं साथ ही फायर केंद्र पर भी सूचना दी। कुछ ही देर में गाड़ी पहुंची तो कड़ी मशक्त कर आग पर काबू पाया। लखविंद्र सिंह ने बताया कि पहले कार में अंदर बैठे हुए धुआं होने का आभास होने लगा और देखते ही देखते कार धुएं से भर गई तो वहीं इंजन में हल्का धमाका भी हुआ। गनीमत रही सभी सुरक्षित बच गए। उधर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसने यातायात को नियंत्रित किया।