हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) 2025 के लिए कुरुक्षेत्र में परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। जिला प्रशासन और रोडवेज विभाग ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। सोनीपत से 10 बसें परीक्षार्थियों को लेकर कुरुक्षेत्र पहुंच चुकी हैं, जबकि कुरुक्षेत्र से यमुनानगर और चंडीगढ़ के लिए 100 से अधिक बसें परीक्षार्थियों को लेकर रवाना हुई हैं। कुरुक्षेत्र में 29 स्थानों पर 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 40,000 परीक्षार्थी आज और कल (26 व 27 जुलाई) परीक्षा देंगे। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि 10 ब्लॉकों के बस स्टैंडों से बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी है।