करनाल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को करनाल में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 को लॉन्च किया। होटल नूर महल में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि नई नीति तैयार करते समय उद्योग क्षेत्र की मांगों और जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। सरकार को उम्मीद है कि इससे हरियाणा में बड़े स्तर पर निवेश आएगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और देश का पहला विकसित राज्य घोषित होगा। नई नीति के बाद निवेशकों के लिए हरियाणा में निवेश करना और अधिक सुविधाजनक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले राज्य सरकार ने औद्योगिक पॉलिसी लॉन्च की थी। इसके बाद बड़े उद्योगपतियों और आईटीआई के बीच समझौते किए गए, ताकि उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को कौशलयुक्त बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट की बात कही थी। हम वन ब्लॉक वन प्रोडक्ट की तर्ज पर हरियाणा के उत्पादों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा के उत्पादों की अपनी अलग ब्रांड पहचान होनी चाहिए। जैसे पानीपत का कपड़ा दुनिया के हर घर की शोभा बढ़ाता है, ऐसे ही अन्य जिलों के भी उत्पाद होने चाहिए। ब्यूरो कानून व्यवस्था बनाना सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी : सीएम पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के सवालों पर कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है और यह सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था न बिगड़े। हर नागरिक का कानून और व्यवस्था पर विश्वास बना रहे, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सीएम ने युवाओं से गलत रास्ते और नशे की दलदल से दूर रहकर मेहनत के जरिए आगे बढ़ने की अपील की। हरियाणा के युवाओं के पास आगे बढ़ने के काफी अवसर हैं, इसलिए किसी को भी गलत रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश का युवा नशे की दलदल में न फंसे। सीएम ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों की दुनिया में अलग पहचान है। कॉमनवेल्थ में भी हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।