करनाल, 22 जून 2025: करनाल के नेहरू पैलेस स्थित भाटिया टी स्टाल पर रविवार को विधायक जगमोहन आनंद ने अपने 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और कई का मौके पर ही समाधान किया। कार्यक्रम की शुरुआत राम नाम की माला जप के साथ हुई। पिछले चार रविवार के बाद आज आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर कई मुद्दों का निपटारा किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा मेरा पहला धर्म है। मेरे घर के दरवाजे जनता के लिए हमेशा खुले हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में लाएं ताकि समाधान के बाद उसका फॉलो-अप किया जा सके। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर विधायक ने कहा कि निगम सही दिशा में काम कर रहा है। कुछ दुकानदार दुकानों के बाहर सामान रखकर रास्ता अवरुद्ध करते हैं, जिसे नियंत्रित करना जरूरी है। संडे मार्केट और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर नगर निगम आयुक्त से चर्चा की जाएगी और रेहड़ी वालों के लिए अलग स्थान का प्रबंध किया जाएगा।