संवाद न्यूज एजेंसी करनाल। सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट और विर्क हॉस्पिटल करनाल की ओर से शुक्रवार को कर्ण स्टेडियम में निःशुल्क सीपीआर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन, खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल जीवन रक्षक सहायता प्रदान करने के लिए जागरूक व प्रशिक्षित करना था। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. सुनील सेठी और डॉ. बलबीर सिंह विर्क सहित विर्क हॉस्पिटल की प्रशिक्षित मेडिकल टीम ने प्रतिभागियों को आधुनिक मानकों के अनुरूप सीपीआर की सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ-साथ डमी पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। इस मौके पर खिलाड़ियों और कोच ने स्वयं सीपीआर का अभ्यास कर जीवन रक्षक तकनीकों को सीखा। डॉ. बलबीर सिंह विर्क ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और सही समय पर सही तकनीक से दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। डॉ. सुनील सेठी ने बताया कि प्रत्येक नागरिक को सीपीआर का प्रशिक्षण अवश्य लेना चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर एम्बुलेंस पहुंचने से पहले पीड़ित को प्रभावी प्राथमिक सहायता दी जा सके। उन्होंने बताया कि जागरूकता और सही प्रशिक्षण से अनेक अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं। इस मौके पर करनाल स्ट्राइडर्स रनर्स ग्रुप से प्रवेश गाबा, राहुल कौशिक, सुमित मान, कविता मान, अनुज सिंगला, एथलेटिक्स कोच ऋषि कुमार, बास्केटबॉल कोच बरखा रानी, वेटलिफ्टिंग कोच मोनिका, ताइक्वांडो कोच सुनील, साइकिलिंग कोच अनिल, फेंसिंग कोच राजकुमार, मुक्केबाजी कोच सुरेंद्र, फुटबॉल कोच पुनीत मौजूद रहे।