करनाल के प्रेम नगर में स्थित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निवास पर रविवार सुबह 6:00 बजे विधायक जगमोहन आनंद ने 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में प्रेम नगर और रामनगर के लोग बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने सभी की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके समाधान का प्रयास किया। कार्यक्रम में प्रेम नगर के निवासियों ने मुख्य रूप से बंदरों की समस्या को उठाया। इस पर विधायक जगमोहन आनंद ने वार्ड 18, 19 और 20 के पार्षदों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा, “क्या आपका काम भी मुझे करना पड़ेगा? यह समस्या आपके वार्ड की है, आपको इसे देखना चाहिए।” विधायक ने जनता को सलाह दी कि वे पहले अपनी समस्याएं पार्षदों के सामने लाएं, और यदि समाधान न हो तो उनके पास आएं। मीडिया को संबोधित करते हुए विधायक ने बताया कि हर रविवार को अलग-अलग स्थानों पर 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा ताकि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझा और मौके पर समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा, “इस पहल का मकसद जनता के करीब रहकर उनकी समस्याओं को हल करना है।” युवा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कांग्रेस के 'पांच विधायकों' वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “हमारे सभी विधायक युवा हैं और पूरी लगन से अपने क्षेत्र के लिए काम कर रहे हैं। कांग्रेस आज तक अपना संगठन नहीं बना पाई, और जनता की बात तो वह कभी करती ही नहीं। यही कारण है कि लोग उन्हें पसंद नहीं करते।”