करनाल। श्री शाकुंभरी देवी मंदिर में श्री शाकुंभरी मैया ड्रामाटिक क्लब की ओर से रविवार को आश्विन शुक्ल चतुर्दशी के अवसर पर माता के पंखे की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा ने पूरे गांव का भ्रमण किया। इसमें मां शेरावाली, हनुमान जी, राम दरबार, भगवान शिव परिवार और श्री खाटू श्याम बाबा के स्वरूप की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। गांव में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। सुबह से ही मां शाकुंभरी देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई। देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में रहने वाले बड़ा गांव के श्रद्धालु भी परिवार सहित अपने गांव पहुंचे और मां के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।