भगवारिया गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने आए उपभोक्ताओं को शुक्रवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग तेज धूप में सिलेंडर मिलने का इंतजार करते रहे। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से लेकर दोपहर तक एजेंसी के बाहर बैठे रहे, लेकिन सिलेंडर की गाड़ी नहीं पहुंची। इसके बावजूद एजेंसी की ओर से लोगों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। लोगों का कहना था कि अगर सिलेंडर की गाड़ी नहीं आने वाली थी तो एजेंसी को समय रहते उपभोक्ताओं को घर भेज देना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं किया गया, जिसके कारण सभी को कड़ी धूप में घंटों बैठना पड़ा। आखिरकार कई उपभोक्ताओं को बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा, जिससे उनमें काफी नाराजगी देखने को मिली।