धान के सीजन खत्म होने की कगार पर है। ऐसे में धान की सरकारी खरीद खत्म हुए भी 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन एग्रीमेंट के निर्धारित समय का एक महीना बीतने के बावजूद सीएमआर का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में जिले के राइस मिलरों में रोष है। बता दें कि पूरे प्रदेश में 1300 और कैथल जिले में 150 से अधिक राइस मिलर सीएमआर का कार्य करते हैं। इस बार सरकार ने एक नवंबर से 15 मार्च तक मीलिंग का कार्य करने के लिए समय तय किया है। परंतु अभी तक प्रदेश सरकार ने एफसीआई को पत्र नहीं लिखा है। ऐसे में एक माह बीतने के बावजूद सीएमआर का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कैथल के राइस मिलरों ने दो दिन पहले ही सांसद नवीन जिंदल को ज्ञापन भी दिया था। यदि जल्द ही सीएमआर का काम शुरू नहीं हुआ तो मिलरों को बोनस नहीं मिल पाएगा। क्योंकि सरकार के निर्देशों के तहत मिलरों को 31 मार्च तक सीएमआर का काम पूरा करने के बाद ही बोनस मिल पाता है।