किसान आंदोलन के बीच भाकियू चढूनी गुट के किसान रविवार को किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का स्वास्थ्य जानने खनौरी बॉर्डर पर पहुंचे। इस दौरान यूनियन से जुड़े किसान सुबह के समय शहर के डोगरा गेट स्थित गुरुद्वारा नीम साहिब में एकत्रित हुए। इसके बाद वे खनौरी बॉर्डर पहुंचे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने की। बता दें कि यह फैसला भाकियू चढूनी गुट की शनिवार को गांव चढ़ूनी में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया था। गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि पंजाब की सीमाओं पर आंदोलन चल रहा है। पिछले 20 दिन से डल्लेवाल भूख हड़ताल पर हैं। इस समय उनकी तबीयत खराब है। कहा कि सरकार हठधर्मी पर है और वहीं जाकर हम आगे की रणनीति बनाएंगे।