पुलिस ने गोसाई खेड़ा गांव के पास गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान समालो कलां गांव निवासी सुखविंदर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्तौल बरामद की है। जानकारी के अनुसार, जुलाना थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोसाई खेड़ा के निकट एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, तो उसके पास से 32 बोर की पिस्तौल मिली। पूछताछ में युवक हथियार का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद हथियार को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।