क्षेत्र के देशखेड़ा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों तक फैलने लगी। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। देशखेड़ा गांव निवासी किसान रवि ने बताया कि वह अपने खेत के पास ही मौजूद थे, तभी आसपास काम कर रहे अन्य किसानों ने उन्हें सूचना दी कि उनके खेत में आग लग गई है। प्राथमिक रूप से आग लगने का कारण बिजली की चिंगारी बताया जा रहा है। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे काफी नुकसान हो गया। किसानों ने अपने स्तर पर भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने के बाद ही स्थिति नियंत्रण में आई। तब तक लगभग तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।