संवाद न्यूज एजेंसी जींद। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के तहत मंगलवार को नागरिक अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजू सिंगला ने कहा कि भारत सरकार द्वारा 15 वर्ष (14-15 वर्ष आयु वर्ग) की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करना है। उन्होंने बताया कि यह कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर टीकाकरण और नियमित जांच से इससे बचाव संभव है। डॉ. मंजू सिंगला ने बताया कि बाजार में यह वैक्सीन काफी महंगी है, जबकि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पात्र किशोरियों को यह पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि माता-पिता किसी भी प्रकार की भ्रांतियों में न आएं और अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। यह वैक्सीन भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, कारण, बचाव के उपाय, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा एचपीवी संक्रमण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। उन्होंने बताया कि शुरुआती अवस्था में इस बीमारी के लक्षण स्पष्ट नहीं होते, इसलिए जागरूकता और समय पर बचाव सबसे प्रभावी उपाय है। बाक्स अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से उपस्थित महिलाओं से अपील की गई कि वह केवल अपनी बेटियों तक ही सीमित न रहें, बल्कि अपने मोहल्ले, गांव और रिश्तेदारी की अन्य किशोरियों को भी इस अभियान से जोड़ें। जागरूक समाज ही स्वस्थ समाज की पहचान है और महिलाओं की भागीदारी से ही सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने अधिक से अधिक किशोरियों तक यह संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।