जींद में आम आदमी पार्टी की हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एक निजी स्कूल में हुई। इसमें प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर मंथन करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी के गठन और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन तेज करने की रणनीति तैयार की गई। इसमें डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की सबसे युवा राष्ट्रीय पार्टी है और देश-प्रदेश के युवा बदलाव के लिए आप से जुड़ने को उत्साहित हैं। उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर पर युवा शक्ति ने भाजपा के अहंकार को तोड़ने का काम किया और सरकार को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है और अब मजबूत राजनीतिक विकल्प चाहती है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर चंदा चोरी मामले में 14 जुलाई से शुरू किए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत सभी जिलों से हस्ताक्षरित पत्र एकत्र किए गए हैं। इन्हें पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा जाएगा। उन्होंने मांग की कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। बैठक में प्रदेश में गहराते जल संकट और किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई गई। पार्टी ने पानी के पारदर्शी वितरण, किसानों को सिंचाई की सुविधा और बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। पुलिस अत्याचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ स्वतंत्र जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई। एसआईआर के दौरान 33 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम प्रभावित होने पर चिंता जताते हुए कहा गया कि किसी भी पात्र नागरिक का वोट नहीं कटना चाहिए। पार्टी बूथ स्तर पर निगरानी रखेगी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दिलबाग सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष आदर्श पाल, सुरेंद्र अहलावत, बीर सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र शर्मा, सोनीपत लोकसभा अध्यक्ष लाभ सिंह मौजूद रहे।