रोडवेज में चालक, परिचालक, हेल्पर और मैकेनिक के खाली पड़े हजारों पदों पर भर्ती सहित विभिन्न मांगों को लेकर हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने वीरवार को डिपो में दो घंटे प्रदर्शन किया। रामेहर रेढू, जितेंद्र लाठर, अनिल गौतम, सोमबीर जांगड़ा और सुल्तान सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन का संचालन नीतीश शर्मा ने किया। कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मोर्चा नेता अनूप लाठर और संदीप रंगा ने कहा कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों के बीच पहुंचकर ज्ञापन लिया था और 15 दिन में मांगों पर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक बैठक का पत्र जारी नहीं हुआ। इससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मांगों का जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रमुख मांगों में परिचालकों और चालकों का पे-ग्रेड बढ़ाना, तीन वेतन वृद्धि, जोखिम भत्ता, स्टैंड इंचार्ज का पद सृजित करना, 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करना, 2018 के कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देना और कच्चे कर्मियों को नियमित करना शामिल है। नेताओं ने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो 5 सितंबर को प्रदेशभर में राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी।