ब्रह्माकुमारीज विवेकानंद नगर की ओर से जिला कारागार में नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बीके नीलम बहन, बीके कोमल बहन एवं बीके शशि बहन ने कारागार में बंद भाई-बहनों को नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलाई। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन के सच्चे आध्यात्मिक रहस्य से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते की रक्षा का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं को नशे, बुराइयों और नकारात्मक आदतों से मुक्त करने का पवित्र संकल्प भी है। नशा व्यक्ति के शरीर के साथ-साथ उसके मन, परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है, इसलिए नशामुक्त जीवन ही सच्चे अर्थों में स्वस्थ एवं सुखी जीवन का आधार है। बहनों ने सभी से आह्वान किया कि वे आत्मबल, संयम, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना को जीवन में अपनाएं तथा स्वयं नशे से दूर रहते हुए दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। इस दौरान उपस्थित भाई-बहनों ने नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बीके गौरव भाई, बीके राजीव एवं विपिन भी मौजूद रहे।