हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि 17 जुलाई का दिन जींद जिले के लिए ऐतिहासिक होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 जुलाई को जींद पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने मंगलवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे तथा हाइड्रोजन गैस प्लांट का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में भारत का महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. मिड्ढा ने बताया कि प्रधानमंत्री अपने हरियाणा दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें भिवानी और नारनौल मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शिलान्यास, अंबाला-कालाआंब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की आधारशिला, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352डी) और हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र के उप्पी गांव में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, रोजगार के अवसर और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री जींद में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।