सावन में रानी तालाब को मिलेगा भव्य स्वरूप, विकास कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त संवाद न्यूज एजेंसी जींद। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने वीरवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री की विकास घोषणाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री की प्रत्येक घोषणा जनता से किया गया वादा है और इसे पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में डीसी डॉ. वैशाली शर्मा, एसडीएम सत्यवान सिंह मान भी मौजूद रहे। डॉ. मिड्ढा ने सड़क, पेयजल, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, खेल और सिंचाई से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, बाईपास सुंदरीकरण, विभिन्न सड़कों के निर्माण, बिजली की ढीली तारों और बरसाती पानी निकासी से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग से भाखड़ा नहर आधारित पेयजल परियोजना की जानकारी लेते हुए बताया कि बड़ौदी जलघर का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा विभाग को स्कूलों में शौचालय, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रानी तालाब परिसर को आकर्षक रोशनी, पुष्प सज्जा और धार्मिक प्रतीकों से सजाया जाएगा। प्रत्येक सोमवार को यहां भजन-कीर्तन, यज्ञ-हवन और शिव महिमा से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण मिल सके।