फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद के नरवाना में नगर परिषद कर्मचारियों का 16वें दिन भी धरना, मंत्री के निवास तक निकाला पैदल मार्च

हरियाणा राज्य नगर पालिका इकाई संघ के आह्वान पर नगर परिषद नरवाना के कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को 16वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। शुक्रवार को कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय से कैनाल रोड होते हुए नरवाना विधायक एवं हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के निवास स्थान तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी नरवाना इकाई प्रधान बंटी बेदी ने की। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। कर्मचारियों ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, एक्सग्रेशिया नीति को पूर्ण रूप से लागू करने और ठेकेदारी प्रथा बंद करने की मांग की। मंत्री के निवास स्थान पर पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक को सौंपा। उस समय कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी निवास स्थान पर मौजूद नहीं थे। ज्ञापन सौंपने के बाद कर्मचारी वापस लौट गए। इस दौरान मंत्री के निवास स्थान के बाहर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन में नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ फायर ब्रिगेड के कर्मचारी, किसान संगठनों के प्रतिनिधि और सफाई कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों के समाधान की आवाज उठाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। तरसेम कुमार ने कहा कि कर्मचारी अपने हक की लड़ाई को आगे भी मजबूती से जारी रखेंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें