फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद: पुराना थाना मार्केट में पानी व सीवरेज लाइन न होने से बढ़ी परेशानी

कस्बे के पुराना थाना मार्केट में पानी और सीवरेज की लाइन न होने से दुकानदारों व स्थानीय मकान मालिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से उठ रही इस बुनियादी सुविधा की मांग पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में भारी रोष है। मार्केट के लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। दुकानदारों कपिल, अजय, सुषमा, अमित शर्मा, नरेंद्र आदि का कहना है कि एक साल पहले जनस्वास्थ्य विभाग को औपचारिक रूप से आवेदन देकर पानी और सीवरेज लाइन बिछाने की मांग की गई थी लेकिन विभाग ने केवल आश्वासन देकर अपना पीछा छुड़ा लिया। उनका कहना है कि बार-बार याद दिलाए जाने के बावजूद विभागीय अधिकारी मौके पर आकर वास्तविक स्थिति जानने को भी तैयार नहीं हैं। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट में पानी की सुविधा न होने से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होते हैं जबकि सीवरेज लाइन न होने के कारण गंदे पानी की निकासी बड़ी समस्या बनी हुई है। कई बार बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे दुकानों के बाहर कीचड़ फैल जाता है और ग्राहक आने से कतराते हैं। इससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। मजबूरी में उन्हें पास के अन्य स्थानों से पानी मंगवाना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है। वहीं सीवरेज की समस्या के चलते आसपास गंदगी फैल जाती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी पैदा हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी पुरानी मार्केट होने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का न होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। मार्केट के दुकानदारों ने कहा कि यदि जल्द ही पानी और सीवरेज लाइन का काम शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने या सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, काम शुरू नहीं होता, जिससे लोगों का भरोसा टूटता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सर्वे कराकर यहां पानी व सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और मार्केट का माहौल सामान्य रह सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें