बुढ़ा खेड़ा गांव के अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी सुशांत बूरा आज कबड्डी खिलाड़ी साक्षी पूनिया के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी रात के समय होगी। कल सफीदों रोड स्थित मनोहरपुर गांव के पास सेफरॉन होटल में रिस्पेशन कार्यक्रम रखा गया है। कुश्ती खिलाड़ी सुशांत बूरा के घर पर सुबह से ही शादी की तैयारियों को लेकर कई तरह के आयोजन हुए। सुशांत बूरा को बुधवार को बैन बैठाया गया और हल्दी की रस्म का आयोजन किया गया। इसमें खिलाड़ी को हल्दी लगाकर शादी के लिए तैयार किया गया तो वहीं शाम को लेडीज संगीत का कार्यक्रम हुआ। घर पर सभी रिश्तेदार इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। सुशांत के ताऊ रणधीर सिंह ने बताया कि शादी समारोह को हरियाणा कल्चर के अनुसार पूरा किया जाएगा। इसमें सभी ग्रामीण प्रवेश की रस्में अदा की जाएंगी। शादी में गांव व आसपास के ग्रामीणों को न्यौता दिया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा व पूर्व मंत्री ओपी धनखड़ समेत कई राजनेताओं को भी न्यौता दिया हुआ है। उन्होंने बताया कि शादी से पहले दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के जानकार थे। शाम के समय सुशांत बूरा बारात लेकर निकलेंगे रात को रोहतक में शादी होगी।