महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन व अमर उजाला फाउंडेशन ने अर्बन एस्टेट स्थित कार्यालय में रक्तदान शिविर संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला की अध्यक्षता में लगाया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर एसपी कुलदीप सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष कैप्टन योगेश बैरागी, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश भोला, जिला रेडक्रॉस सोसायटी जींद के सचिव रामजी लाल, सीएमओ डा. सुमन कोहली ने शिरकत की। इस रक्तदान शिविर में 55 युवाओं ने रक्तदान किया। सभी को मुख्यातिथि एसपी कुलदीप सिंह व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने बैज लगाकर सम्मानित किया। इसमें एसपी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म और सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की पूरी जिंदगी बचा सकता है। रक्तदान करने वाला व्यक्ति न केवल किसी अनजान की जान बचाता है, बल्कि मानवता की रक्षा भी करता है।