प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर साइकिल और पैदल चलने की अपील की है, वहीं दूसरी ओर सरकारी अधिकारी ही इस संदेश को गंभीरता से लेते नजर नहीं आ रहे। इसका उदाहरण नागरिक अस्पताल परिसर में देखने को मिला, जहां सीएमओ डॉ. सुमन कोहली महज 100 मीटर दूर स्थित प्रशिक्षण केंद्र तक भी सरकारी कार से पहुंची। नागरिक अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य विभाग का एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सीएमओ का कार्यालय और प्रशिक्षण केंद्र के बीच की दूरी लगभग 100 मीटर ही है। बावजूद इसके सीएमओ पैदल जाने के बजाय सरकारी वाहन से प्रशिक्षण केंद्र पहुंचीं। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि कार्यालय से प्रशिक्षण केंद्र तक पैदल पहुंचने में मुश्किल से एक-दो मिनट का समय लगता है। इसके बावजूद वाहन का उपयोग किया गया, जिसे अनावश्यक माना जा रहा है। इस मामले में सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।