हरियाणा के नरवाना और उचाना में शुक्रवार सुबह ईडी ने कई फर्मों के घरों, ठिकानों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। यह छापेमारी भारत ब्रांड योजना गड़बड़ी मामले से जुड़ी हुई बताई जा रही है। नरवाना शहर में ईडी की टीम ने अलग-अलग तीन जगहों पर छापेमारी की। यह तीनों जगहें मुख्य रूप से राइस मिलरों और मेला मंडी के कुछ आढ़तियों से संबंधित बताई जा रही हैं। ईडी की टीम सुबह-सुबह पंजाब नंबर की प्राइवेट गाड़ियों में पहुंची। इस दौरान छापेमारी से संबंधित राइस मिल और गोदामों को बंद कर दिया गया। वहीं, घरों में छापेमारी के दौरान घर के गेट को बंद कर दिया गया। इस दौरान घर के किसी भी सदस्य को घर के अंदर और बाहर जाने नहीं दिया गया।