कैरखेड़ी निवासी जयभगवान ने बताया कि उन्होंने सवा दो एकड़ में गेहूं की बिजाई की थी। इसका रजिस्ट्रेशन भी करवाया। इसमें लगभग 120 क्विंटल गेहूं की पैदावार हुई है, लेकिन अब गेट पास काटने से मना कर बताया जा रहा है। आपकी 25 क्विंटल की ही खरीद की जाएगी। इसके अलावा नादंल निवासी राजकपूर ने बताया कि वह डेढ़ घंटे से गेट पर खड़ा है। साइट बंद हाेने की बात कही जा रही है। जब तक साइट नहीं चलेगी। उनकी गेहूं को अंदर नहीं ले जाने दिया जाएगा। इसी प्रकार छान्या गांव निवासी अजमेर में बताया कि दो घंटे के बाद अंदर ट्राली लेकर गया। अब बायोमेट्रिक नहीं हो रही है। इन किसानों में बताया कि बरसात का मौसम है। बूंदाबादी हो रही है। अगर ट्राली में गेहूं भीगे तो नमी के नाम पर ज्यादा कटौती की जाएगी। जयभगवान ने बताया कि 12 प्रतिशत से ज्यादा नमी मिलने पर प्रति प्वाइंट एक किलो की कटौती की जा रही है। इसके कारण उनकी चार से पांच किलो गेहूं प्रति क्विंटल की कटौती हो रही है।