जींद। नगर परिषद की चेयरमैन डॉ. अनुराधा सैनी के लिए शुक्रवार का दिन सार्वजनिक जीवन का सबसे यादगार दिन बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे के दौरान उन्हें रेलवे जंक्शन के समीप बनाए गए हेलीपैड पर प्रधानमंत्री के स्वागत का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री को बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया। डॉ. सैनी ने इसे अपने जीवन का वर्षों पुराना सपना साकार होने जैसा बताया। डॉ. अनुराधा सैनी ने बताया कि वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, तब वह दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में मौजूद थीं। उसी समय उन्होंने मन में संकल्प लिया था कि एक दिन उन्हें प्रधानमंत्री से व्यक्तिगत रूप से मिलने का अवसर अवश्य मिलेगा। शुक्रवार को जींद में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान उनका यह सपना पूरा हो गया। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय जींद की जनता और अपने ससुराल पक्ष के परिवारजनों को देते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग से ही उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि जींद से देश की पहली और विश्व की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ होना पूरे हरियाणा और देश के लिए गर्व का विषय है। यह हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। डॉ. अनुराधा सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए रेलवे जंक्शन पर उनके साथ जिला परिषद की चेयरपर्सन मनीषा रंधावा की भी ड्यूटी लगाई गई थी। ग्रीन रैली की थीम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हरे रंग का परिधान धारण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात और उनका स्वागत करना उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रहेगा।