शास्त्री नगर इलाके में सोमवार देर रात को एक घर में अचानक गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लग गई, जिससे आसपास के मोहल्ले में हड़कंप मच गया। आग लगते ही मकान में रह रहे सभी लोग घबराकर घर से बाहर निकल आए और मदद की गुहार लगाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी या बड़ा आर्थिक नुकसान नहीं हुआ। मकान मालिक सुखदेव ने बताया कि घटना के समय घर में रोजमर्रा के काम चल रहे थे। गैस चूल्हे पर सब्जी बनाई जा रही थी, तभी अचानक गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। आग की लपटें देख घर के लोग घबरा गए और सिलेंडर बंद करने के बजाय बाहर निकलकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने जलते हुए सिलेंडर को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित कर आग बुझाई। अधिकारियों ने बताया कि समय पर कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।