बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में लगातार बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को नरवाना में कांग्रेस पार्टी द्वारा धरना व रोष प्रदर्शन किया गया। शहर की पब्लिक धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ युवा नेता आदित्य सुरजेवाला भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती आर्थिक परेशानियों को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दूध, सब्जियां, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। सरकार को जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। सुरजेवाला ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी आज देश की सबसे बड़ी समस्याएं बन चुकी हैं। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगी। वहीं आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को लगातार आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती महंगाई और रोजगार के अवसर कम होने से परिवारों का बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष मार्च निकाला और प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर नियंत्रण, आमजन को राहत और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।