नरवाना विधायक एवं हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शनिवार को नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचकर उस पीड़ित परिवार से मुलाकात की, जिनकी मां और मासूम बेटी की मकान की छत गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है तथा हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। गौरतलब है कि शनिवार सुबह शहर के गांधीनगर स्थित ढाणी क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 में एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय कमरे में मौजूद महिला उषा और उसकी छोटी बेटी मायरा मलबे के नीचे दब गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में छत के जर्जर होने की आशंका जताई जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।