संवाद न्यूज एजेंसी जींद। ब्रह्माकुमारीज की तरफ से संचालित दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत वीरवार को शहर पटियाला चौक स्थित सेवा केंद्र से नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली का नेतृत्व बीके आशा और बीके रजनी बहन ने किया। ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों और नागरिकों ने हाथों में नशामुक्ति से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, संस्कारित व सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया। रैली विभिन्न मार्गों से होकर निकली और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। समापन अवसर पर प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे जनजागरूकता अभियान युवाओं को सही दिशा देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। बीके आशा और बीके रजनी बहन ने सभी लोगों को नशामुक्त रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि राजयोग ध्यान, आध्यात्मिक मूल्यों और आत्म-जागृति के माध्यम से व्यक्ति हर प्रकार के नशे पर विजय प्राप्त कर स्वस्थ एवं श्रेष्ठ समाज के निर्माण में योगदान दे सकता है।