भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली मंगलवार को जुलाना की मार्केट कमेटी पहुंचे, जहां नव नियुक्त मार्केट कमेटी चेयरमैन मनोज कुमार उर्फ मीनू शर्मा ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही राज्य की सभी 114 मार्केट कमेटियों में चेयरमैन नियुक्त किए गए हैं, जिससे मंडियों के कार्य में पारदर्शिता और गति आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार अंत्योदय की भावना पर आधारित है और पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं व सुविधाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की सरकार है और संगठन के हर कार्यकर्ता का सम्मान भाजपा की पहचान है। नव नियुक्त चेयरमैन मीनू शर्मा ने कहा कि सरकार ने जो जिम्मेवारी उन्हें सौंपी है, उस पर वो खरा उतरते हुए किसानों के हितों के लिए काम करेंगे। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी, जिलाध्यक्ष तेजेन्द्र ढुल, भाजपा नेत्री डाॅ पुष्पा तायल, गौरव भारद्वाज, सत्यवान खटकड़, रामफल शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।