नागरिक अस्पताल में वीरवार को विश्व किडनी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सीएमओ डॉ. सुमन कोहली की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान डॉक्टरों की टीम ने डायलिसिस सेंटर का दौरा किया और किडनी रोगियों को गुलाब के फूल देकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने अस्पताल में आए लोगों को किडनी को स्वस्थ रखने के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के यूरिन की मात्रा अचानक कम या ज्यादा होने लगे तो उसे तुरंत किडनी की जांच करवानी चाहिए। 40 वर्ष की उम्र के बाद स्वस्थ व्यक्ति को भी नियमित रूप से बीपी और शुगर की जांच करवाते रहना चाहिए। पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया व डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि नागरिक अस्पताल में किडनी के कुल 105 मरीज पंजीकृत हैं। इनमें 58 नेगेटिव और 47 पॉजिटिव मरीज शामिल हैं। इन सभी मरीजों का अस्पताल में मुफ्त उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है और जिन मरीजों को समय-समय पर डायलिसिस की जरूरत होती है, उन्हें सरकार की योजना के तहत निशुल्क उपचार दिया जाता है। डिप्टी सीएमओ डॉ. पालेराम कटारिया ने कहा कि किडनी से संबंधित अधिकांश मरीज वही होते हैं, जिन्हें शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या होती है। यदि इन बीमारियों का समय पर इलाज न कराया जाए तो किडनी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। डॉ. निशु ने बताया कि शुगर और हाई ब्लड प्रेशर किडनी खराब होने के सबसे बड़े कारण हैं। इसलिए हर व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाते रहना चाहिए।