भिवानी रोड स्थित गुप्ता कॉलोनी में रंजिश के तहत एक दुकान में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। मुख्य आरोपी युवक दस दिन पहले पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गया था। इसकी पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब आरोपी सात-आठ युवकों को लेकर आया और परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस ने अब देवा को नामजद कर सात-आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गुप्ता कॉलोनी निवासी सुरेंद्र ने पुलिस एफआईआर में बताया कि नौ अगस्त शाम को वह अपनी किराना की दुकान पर बैठा था। इस दौरान दो-तीन बाइकों पर सात-आठ युवक आए। उनमें कॉलोनी का देवा भी था। उन्होंने आते ही उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब उसके परिजन छुड़ाने आए तो उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने बचाव के लिए दुकान में घुसने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें अंदर घुसकर भी पीटा। उनके द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। उन्होंने बताया कि आरोपी देवा दस दिन पहले उन्हें दुकान पर आकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गया था। आरोपी ने कहा था कि वह शिकायत वापस लेले नहीं तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। उन्होंने उसके खिलाफ रोहतक रोड पुलिस चौकी में शिकायत भी दी थी, लेकिन पुलिस ने उसे बुलाकर छोड़ दिया। आरोप लगाया कि यदि आरोपी पर पुलिस कार्रवाई कर देती तो उन पर हमला नहीं होता, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।