झज्जर डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जिला में निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार एसआईआर अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के संग्रहण और डिजिटलाइजेशन का कार्य तेजी से जारी हैं। सभी पात्र मतदाता 14 जुलाई अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 10 जुलाई तक जल्द से जल्द अपने गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं ताकि उनका मतदान का अधिकार सुरक्षित रह सके। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल बुधवार को लघु सचिवालय में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 को लेकर पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट बनाने का कार्य केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। ऐसे में पात्र मतदाता गणना प्रपत्र भरकर तुरंत बीएलओ को जमा कराएं, जिससे उनका तत्काल डिजिटलाइजेशन हो सके। डीसी ने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक है। इसमें किसी भी मतदाता के साथ न तो भेदभाव किया जाएगा और न ही किसी प्रकार का पक्षपात रखा जाएगा। प्रत्येक चरण में राजनीतिक दलों को शामिल किया जा रहा है तथा विभिन्न माध्यमों से भी नागरिकों को गणना अभियान की जानकारी लगातार उपलब्ध कराई जा रही है।