त्योहारी सीजन के मद्देनजर मुख्य मार्गों व बाजार में जाम की समस्या न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापारियों को दो से तीन फीट तक ही सामान बाहर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी भी जारी की है कि यदि इससे आगे सामान मिला तो उसका चालान किया जाएगा। इसे लेकर ट्रैफिक प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने व्यापार मंडल को भी अवगत करवा दिया है। वीरवार को ट्रैफिक प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने व्यापार मंडल के प्रधान राकेश अरोड़ा से मुलाकात की और बताया गया कि आंबेडकर चौक से छिकारा चौक तक केवल दो फीट तक ही दुकानदार सामान रख सकते हैं। उससे आगे सामान रखने पर कार्रवाई की जाएगी। यहां बता दें कि पुराना बस अड्डा रोड पर कई दुकानदारों ने कई फीट-फीट तक सामान रखकर कब्जा किया हुआ है। इसके चलते पूरा दिन रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में अब ट्रैफिक पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि दुकानदार केवल दो फीट तक सामान रखे।