बहादुरगढ़ के होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के नीचे सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ शनिवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना पार्किंग के सड़क पर खड़े किए गए दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस ने एक-एक करके करीब 40 दोपहिया वाहनों के चालान किए और प्रत्येक पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया। यातायात प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के पास प्रशासन की ओर से पार्किंग की व्यवस्था की गई है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग अपने वाहन पार्किंग में खड़ा करने की बजाय सड़क किनारे ही छोड़ देते हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे लापरवाही से खड़े वाहनों के कारण वाहन चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। यहां से पहले भी कई वाहन चोरी हो चुके हैं। ऐसे में लोगों को अपने वाहनों को सुरक्षित रखने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करना चाहिए। यातायात प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगे भी लोग नियमों की अनदेखी कर सड़क किनारे वाहन खड़े करते पाए गए तो उनके चालान किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।